मुठभेड़ में 7 नक्सली ढेर, 2 जवान शहीद, 3 घायल घायल नक्सली गिरफ्तार

0
9

जगदलपुर, 19 मार्च। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज शाम पुलिस व नक्सलियों के मध्य हुयी मुठभेड़ में पुलिस ने 7 वर्दीधारी नक्सलियों केा मार गिराया, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। मौके से पुलिस ने 5 नक्सलियों के शव समेत दो स्वचालित बंदूकें व विस्फोटक सामग्रियां बरामद की हैं। मुठभेड़ में दो जवान शहीद एवं तीन घायल हो गए हैं।
बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने बताया कि अरनपुर थाने से पुलिस का संयुक्त पुलिस बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम बर्रेमपारा के जंगल में घात लगाए नक्सलियेां ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फौरन मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। लगभग एक घंटे की मुठभेड़ बाद अंतत: नक्सली घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग गए।
उन्होंने बताया कि मौके से 5 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। मृत नक्सलियों में 2 महिला एवं 3 पुरूष हैं। मारे गए दो नक्सलियों के शव नक्सली अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे। उन्होंने बताया कि नक्सली गोलीबारी में डीआरजी का एक आरक्षक निर्मल नेताम एवं गोपनीय सैनिक सुखराम गावड़े शहीद हो गए। मुठभेड़ में 3 जवान भी घायल हो गए हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। घायलों को हेलीकाप्टर से रायपुर रेफर किया जा रहा है। घटनास्थल से भागते हुए एक घायल नक्सली को गिरफ्तार किया गया है, जिसे दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती करवाया गया है।
श्री सुंंदरराज ने बताया कि घटनास्थल से 2 एके 47, एसएलआर बंदूक,भारी मात्रा में विस्फोटक एवं दैनिक उपयोग की सामग्रियां भी जब्त की गयी हैं।