दिल्ली चुनाव के बाद हो सकती है साक्षी महाराज की छुट्टी

0
16

नई दिल्ली. अपने विवादित बयानों से आए दिन पार्टी के लिए परेशानियां पैदा करने वाले बीजेपी सांसद साक्षी महाराज पर पार्टी हाईकमान कार्रवाई कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली चुनाव के ठीक बाद साक्षी महाराज को पार्टी से निलंबित किया जा सकता है। साक्षी महाराज ने कुछ दिनों पहले एक साक्षात्कार में कथित तौर पर बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा था कि वे चाहें तो सरकार बना सकते हैं और चाहें तो गिरा भी सकते हैं। उनके इस बयान के बाद ही पार्टी ने साक्षी पर सख्त रुख अपनाने का मन बना लिया है।
बताया जाता है कि प्रधानमंत्री मोदी साक्षी महाराज से खफा हैं। पार्टी की नाराजगी इस बात को लेकर है कि प्रधानमंत्री की सांसदों को ‘लक्ष्मण रेखा’ न लांघने की नसीहत और नोटिस दिए जाने के बाद भी साक्षी महाराज अपने विवादित बयानों से बाज नहीं आ रहे हैं और अब तो उन्होंने सरकार गिराने और बनाने की ताकत वाला बयान देकर सीमाएं ही तोड़ दी हैं। विवादित बयानों से पार्टी और सरकार की किरकिरी कराने वाले साक्षी को दिसंबर में भी कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। तब उन्होंने अपने बयानों पर खेद जता दिया था।
कार्रवाई के डर से पलटे साक्षी महाराज

दूसरी ओर, साक्षी महाराज ने सरकार गिराने वाले बयान से पलटी मार ली है। बुधवार को उन्होंने कहा कि मोदी तो हमारे नेता हैं और हम उनके सैनिक हैं। साक्षी महाराज ने मोदी को दैवीय शक्ति से लैस व्यक्ति और समग्र विकास के लिए समर्पित नेता बताया। सांसद ने कहा कि उनके बयान को तोड़ा-मरोड़ गया। हालांकि उन्होंने कहा कि मोदी समेत सभी चाहते हैं कि अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर बने।