पीएम ने किया सिंगाजी पावर प्लांट का लोकार्पण, कहा हर घर तक पहुंचाएंगे बिजली

0
22

इंदौर। संत सिंगाजी थर्मल पावर में पहले फेज में बनी 1200 मेगावाट की दो यूनिट का लोकार्पण करने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को देश के विकास में बाधक बताया।
उन्होंने गुरुवार को लोकार्पण के बाद मौजूद जनता को संबोधित करते हुए भूमि अधिग्रहण बिल की चर्चा की। राज्य सभा में अटकने की बात करते हुए कहा कि विकास के लिए स्कूल, अस्पताल, नहरें, कारखानें जरूरी हैं। इनके लिए जमीन चाहिए। पुराने भूमि अधिग्रहण बिल में यह जरूरतें पूरी करने की व्यवस्था नहीं थी इसलिए नया बिल लाए। इसे राज्य सभा में राेका जा रहा है। उन्होंने अन्ना हजारे का नाम न लेते हुए इशारों में कहा कि कुछ लोग बिल को रोकने के लिए फिर खड़े हो गए हैं। बिल में कुछ भी किसान विरोधी नहीं है। राज्य सभा में भी मैंने कहा कि बिल में कुछ भी किसान विरोधी हो तो मुझे बताओ में मैं उसे हटा दूंगा। पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा में जनता ने बहुमत दे दिया। राज्य सभा में बहुमत नहीं है। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि बहुमत से देश के विकास में बाधा नहीं बने। बहुमत को देश के विकास में लगाएं। कांग्रेस शासनकाल में कोल ब्लाक आवंटन में हुए घोटाले की बात करते हुए कहा कि 204 कोल ब्लाक पर्चियों पर आवंटित कर दिए गए थे।
कांग्रेस अध्यक्ष और उनके पदाधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक मकान से पर्ची निकलती थी। यह पर्ची कार्यालय जाती थी और कोल ब्लाक आवंटन हो जाता था। अब ऐसा नहीं है। कोल ब्लाक आवंटन में हुए घोटाले के बाद सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए सभी आवंटन रद्द कर दिए। हमारे सामने बड़ा संकट आ गया। बिजली उत्पादन ठप हो सकता था। हमने हौसला नहीं खोया। 100 दिन में प्लान बनाया। पारदर्शिता के साथ नीलामी प्रक्रिया शुरू की। अब तक 204 में मात्र 19 कोल ब्लाक की बोली हुई। इसमें 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए आए। जब सभी की बोली होगी तो करोड़ों करोड़ रुपए आएंगे। उन्होंने कहा कि 1 मार्च को आना था। जरूरी कारणों से नहीं आ सका। बताया 5 मार्च को समय होने की जानकारी दी। मैं बदनाम हूं कि छुट्टी नहीं मनाने देता। अब त्योहार भी नहीं मनाने दिया। होली के बावजूद आया विशाल जनसमूह अजूबा है। पिछले 10 महीने में दो बार आ चुका हूं।

बिजली बचाना भी जरूरी : प्रधानमंत्री मोदी ने विदेश दौरों की चर्चा करते हुए कहा कि मैंने सब जगह बिजली की आपूर्ति बढ़ाने के लिए काम किया। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सबसे यही बात की। महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश गया तो बिजली के लिए गया। बिजली कारखानों को शुरू करने गए। मध्यप्रदेश भी आया तो बिजली कारखाना शुरू करने आए। ऊर्जा मानव सभ्यता के विकास की सबसे बड़ी जरूरत है। ऊर्जा होगी तो घर ही रोशन नहीं होगा जिंदगी भी रोशन हो जाएगी। उन्होंने प्रदेश को बिजली क्षेत्र में अच्छा काम करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि लगातार अच्छा काम हो रहा है। पर केवल बिजली का उत्पादन करने मात्र से काम नहीं चलेगा। इसे बचाना भी होगा। ताकि आने वाली पीढ़ियों का जीवन भी रोशन रह सके। कम लागत में बिजली बन रही है। यह रिकार्ड है। पूरा थर्मल पावर बनने के बाद भविष्य में अवार्ड मिलेगा।

बनाया जाएगा निमाड़ विकास प्राधिकरण : पीएम से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निमाड़ विकास प्राधिकरण बनाने की घोषणा की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए कार्यों और योजनाओं को बेहतर बताते हुए कहा कि पहली बार देश का स्वाभिमान बढ़ाने वाला, देश को आगे ले जाने वाला प्रधानमंत्री मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए कामों को गिनाया। प्रत्येक काम पर स्वागत करने की बात कही। 18 मिनट के भाषण में सीएम ने करीब 26 बार पीएम का स्वागत करने की बात कही। सीएम ने खंडवा जिले में दो सिंचाई योजनाओं को शुरू करने की भी घोषणा की। सीएम ने प्रदेश की योजनाओं को भी गिनाया।
कार्यक्रम में जन संपर्क प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजय वर्गीय, ऊर्जा मंत्री राजेंद्र शुक्ल, नागरिक आपूर्ति मंत्री विजय शाह, जिले के सभी विधायक और मुख्य सचिव एंटोनी डिसा मौजूद रहे।