मुख्यमंत्री शिवराज के चुनाव क्षेत्र में पत्नी साधना सिंह को महिलाओंने सुनाई खरी-खरी

0
31

भोपाल(न्युज एजंसी)-. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र सीहोर जिले के बुधनी में उनकी पत्नी साधना सिंह को जनसंपर्क के दौरान कुछ महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। पानी की समस्या को लेकर एक महिला ने उन्हें खूब खरी-खरी सुनाईं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।  शिवराज की तरफ से प्रचार करने बुधनी पहुंची उनकी पत्नी साधना सिंह और उनके दोनों पुत्र कार्तिकेय और कुणाल क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं का आशीर्वाद ले रहे हैं। शिवराज सिंह ने नामांकन दाखिल करने के बाद अपने क्षेत्र में प्रचार नहीं किया है।

साधना सिंह कल महिलाओं के साथ बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रहटी में जनसंपर्क के लिए गईं थीं। तभी कुछ महिलाओं ने उन्हें पीने के पानी की समस्या बताते हुए कहा कि पिछले पांच साल से उन्हें इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साधना सिंह ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं इस बात पर अड़ी रहीं कि उनकी समस्या लगातार बनी हुई हैं। एक महिला बहस करने लगी। साधना सिंह के साथ चल रहीं महिलाओं ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्दी समस्या हल हो जाएगी। बुधनी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र में समस्याओं को लेकर लोगों में खासी नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि लोगों की समस्याएं हल नहीं हो रहीं, इसलिए इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं।