गोंगपा की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासन उइके ने पार्टी से दिया इस्तीफा

0
25

बालाघाट। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासन उइके ने बुधवार को पार्टी पर अपने तय सिद्धातों से भटकने का आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा उन्होंने बुधवार को जिलाध्यक्ष श्यामलाल उइके को सौंपा। उन्होंने आगामी दिनों में बालाघाट प्रवास पर राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम के आने पर उन्हें भी इस्तीफा सौंपने की बात कही।

उन्होंने बताया कि गोंगपा का गठन जल, जंगल,जमीन और महिलाओं के सम्मान के लिए हुआ था। इसके लिए उन्होंने अपनी शासकीय नौकरी तक छोड़ दी और पूरा जीवन पार्टी के बैनर तले लोगों को एकजुट कर उनके अधिकार दिलाने में लगा दिया। लेकिन गोंगपा ने विधानसभा चुनाव में 230 में से 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं और इसमें 20 प्रतिशत भी महिलाओं का मौका नहीं दिया गया है। जिससे वह काफी आहत हैं। गोंगपा की महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस्तीफा देने के साथ ही बालाघाट महिला मोर्चा व युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दिया है। यहां महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रामप्यारी बाई उइके, कार्यवाह जिलाध्यक्ष पुष्पा मर्सकोले, जिला सचिव अनिता टेकाम, ब्लॉक अध्यक्ष रुकमणी मर्सकोले, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शुभम उइके, जिला सचिव मिथिलेश उइके समेत अन्य ने पार्टी के प्रति नाराजगी जाहिर और राष्ट्रीय अध्यक्ष के समर्थन में इस्तीफा दिया है।