अनाथाश्रम की वार्डन कैसे करती थी लड़कियों का सौदा, सुनिए ऑडियो

0
24

रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक ऑडियो टेप के सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। चक्रधर बाल सदन अनाथालय की अधीक्षिका के कथित ऑडियो टेप में वह किसी व्यक्ति से लड़कियों के सौदे की बात कर रही है। दोनों की बातचीत में यह भी पता चल रहा है कि फोन पर बात कर रहा आदमी रसूखदार है और वह या तो नेता है या फिर उसकी नेताओं से अच्छी पहचान है।सूत्रों की मानें तो यह क्लिप 18 घंटे की उस ऑडियो रिकॉर्डिंग का हिस्सा है, जो अनाथालय की बच्चियों ने हॉस्टल में चल रहे धंधे को सामने लाने के लिए किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षिका प्रिया गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह टेप बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष जस्सी फिलिप ने जिला प्रशासन को सौंपा है। उनका मानना है कि अधीक्षिका दर्जनों लोगों से बच्चों का सौदा करती थी। जिला कलेक्टर ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दे दिए हैं। टेपकांड में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस पूरे 18 घंटे का ऑडियो सुनेगी और जांच करेगी।
पहले भी विवादों से घिरा रहा है अनाथालय
कहने को तो चक्रधर बाल सदन को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है लेकिन इस अनाथालय का विवादों से भी गहरा नाता रहा है। सालभर पहले ही आश्रम के एक पदाधिकारी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था। कुछ महीने पहले यहां से 9 लड़कियां भाग भी चुकी हैं। यही वजह है कि प्रशासन ने अनाथालय की कमान समिति के हाथ से खींचकर अपने हाथों में ले ली थी। इसके बावजूद आश्रम में चल रहे जिस्मफरोशी के इस खेल की खबर ने प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं।
सदन की अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है, साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह टेप अभी तक किसके पास था और इसे किसने जारी किया है।- मुकेश बंसल, कलेक्टर, रायगढ़