उत्कृष्ट संस्था गौरव राष्ट्रीय पुरस्कार श्री राष्ट्रीय शिक्षण संस्था गोंदिया को

0
105

28 मार्च 2018 को होगा कोल्हापुर में सम्मान
गोंदिया,दि.२४ : । महाराष्ट्र शासन पर्यटन धोरण-2016 अंतर्गत राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध करने एवं महाराष्ट्र के पारंपरिक लोककला संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से कोल्हापुर जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक कला महोत्सव का आयोजन कोल्हापुर में दि. 26 से 28 मार्च 2018 के दौरान किया गया है। इस अवसर पर समाज के विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करनेवाले विभिन्न व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में श्री राष्ट्रीय शिक्षण संस्था, गोंदिया के विगत वर्षों में शैक्षणिक क्षेत्र में किये गये कार्यों का अवलोकन करते हुए संस्था का ‘उत्कृष्ट संस्था गौरव’ राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि श्री राष्ट्रीय शिक्षण संस्था की स्थापना सन 1952 में तत्कालीन संस्थापक अध्यक्ष स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केशवराव लिंगोबाजी इंगले इनके नेतृत्व में हुई। संस्था में गोंदिया शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी उपाध्यक्ष डाॅ.बी.पी.जायसवाल, सचिव एड.रामचंद्र एस. डोये, जे. एम. देशपांडे, एड.नारायण जी. डबीर, एड.प्रभाकर एस. तणखीवाले, एड.झामसिंह यादव, एड.बृजमोहन अग्रवाल, एड.लक्ष्मीकांत एन.देशपांडे, एड.लक्ष्मण एम. टेंभरे, गणपतराव एस. चन्ने, डाॅ.गोपाल नारायण वाजपेयी, एड.बालकृष्ण के. देशमुख, इन सभी ने शिक्षा क्षेत्र में कार्य प्रारंभ किया।
शैक्षणिक क्षेत्र के इस प्रवाह को निरंतर बनाये रखने के लिए संस्था के तत्कालीन सचिव शिक्षामहर्षि श्री कमलाकरराव केशवराव इंगले इनके अथक प्रयासों से संस्था को विभिन्न क्षेत्रों में नये स्कूल-काॅलेज शुरू करने तथा नये स्कूल भवन निर्माण करने में सफलता मिली। आज संस्था का एक भव्य वटवृक्ष तैयार होकर शिक्षा क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान दे रहा है। संस्था के स्कूल-काॅलेजों से असंख्य विद्यार्थी शिक्षा अर्जन कर विभिन्न उच्च पदों पर पहुँचे हैं।संस्था के कार्यों में स्व.डाॅ.आनंदराव श्रोते का अमूल्य सहभाग रहा है। साथ ही संस्था के अन्य सहयोगियों का भी विशेष योगदान रहा।
वर्तमान में संस्था अध्यक्ष एड.आर. एस. डोये, उपाध्यक्ष अजय इंगले, सचिव अमृत इंगले, सहसचिव मायाताई पोळ, कोषाध्यक्ष दिलीप गायकवाड, सदस्य चेतनाताई शिंदे ने अपने समन्वित प्रयासों से शिक्षा की इस धारा को निरंतर गतिमान रखा है। तथा शिक्षा क्षेत्र में अपनी ऊँचाइयों पर पहुँचाने का अथक प्रयास निरंतर कर रहे हैं। जिसके कारण आज शिक्षा क्षेत्र में संस्था का अपना एक अलग महत्व एवं पहचान बनने के साथ ही ऊँचाई का शिखर हासिल किया है। साथ ही संस्था अनेक सामाजिक क्षेत्र के कार्यों में अपना अमूल्य योगदान देकर अग्रसर रहती है।
आज संस्था द्वारा नूतन विद्यालय, सिविल लाईन्स, गोंदिया, नूतन विद्यालय, रामनगर, गोंदिया, कमलाकरराव केशवराव इंगले ज्यूनियर काॅलेज, गोंदिया, श्री छत्रपति शिवाजीराजे सीबीएसई पब्लिक स्कूल, गोंदिया, नूतन इंग्लिश स्कूल, गोंदिया, श्रीराम विद्यालय, खमारी, रामचंद्र सुरेंद्रराज डोये ज्यूनियर काॅलेज, खमारी, सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जिसमें हजारों विद्यार्थी शिक्षा अर्जन कर रहे हैं, वहीं सैंकड़ों शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी कार्यरत हैं।
संस्था के सचिव अमृत कमलाकर इंगले 28 मार्च 2018 को कोल्हापुर में आयोजित उक्त कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, राज्यमंत्री, कोल्हापुर जिले के पालकमंत्री, न्यायाधीश, कुलगुरू, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सांस्कृतिक विभाग के पदाधिकारी, पर्यटन विकास महामंडल के पदाधिकारी, ज्येष्ठ समाजसेवक, समिति के पदाधिकारी इत्यादि की उपस्थिति में सत्कारमूर्ति के रूप में पुरस्कार स्वीकार करेंगे।
संस्था की इस उपलब्धि पर सभी शुभचिंतकों, मित्रमंडल एवं संस्था द्वारा संचालित विभिन्न स्कूल-काॅलेजों में कार्यरत सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों में हर्ष की लहर है। सभी ने इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई भी दी है।